हरियाणा में कल काउंटिंग, कांग्रेस में बढ़ी हलचल, हुड्डा दिल्ली पहुंचे, शाम को हो सकती है राहुल गांधी से मुलाकात
हरियाणा विधानसभा चुनावों में मतगणना से एक दिन पहले कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है। इसका एक कारण एग्जिट पोल भी हैं। क्योंकि करीब-करीब सभी एग्जिट पोल ने हरियाणा में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनती दिखाई है। इसी के चलते अब सीएम की कुर्सी को लेकर रस्साकस्सी तेज हो गई है।
यही कारण है कि दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके भूपेंद्र सिंह हुड्डा देर रात दिल्ली रवाना हो चुके हैं। जहां उन्होंने कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया से मुलाकात की। आज शाम वो राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। वहीं दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने अपने भरोसेमंद उम्मीदवारों के साथ रोहतक में अपने घर में मीटिंग भी की। हालांकि हरियाणा के एग्जिट पोल और पार्टी की जीत की संभावनाओं के बारे में उनकी हाईकमान से कोई बातचीत हुई तो उन्होंने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
आपको बता दें कि हरियाणा में जहां पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा सीएम पद के दावेदार हैं तो वहीं कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला भी सीएम पद के दावेदार माने जाते हैं।
कुमारी सैलजा के बारे में बात करें तो वो सीएम पद की दूसरी बड़ी दावेदार मानी जाती हैं। कुमारी सैलजा वोटिंग वाले दिन राजस्थान में सालासर धाम भी पहुंची थीं। और वहां पूजा करने के बाद उन्होंने गाय से भी सीएम बनने का आशीर्वाद लिया था।
तीसरे दावेदार के रूप में रणदीप सुरजेवाला का नाम है। रणदीप सुरजेवाला एग्जिट पोल आने के बाद उत्तराखंड पहुंचे और केदारनाथ धाम में माथा टेका। उन्होंने चुनावों के दौरान अपने मुख्यमंत्री बनने की महत्वकांक्षा को जाहिर किया था।
इन तीन मुख्य चेहरों के अलावा एक नाम और है जो मुख्यमंत्री बन सकता है। और वो हैं भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा। अब इस नाम की चर्चा क्यों? क्योंकि विधानसभा चुनावों में जितना एक्टिव दीपेंद्र हुड्डा रहे हैं। शायद ही दूसरा कोई नेता खास तौर पर कांग्रेस का कोई नेता रहा होगा, वो करीब-करीब हर विधानसभा में पहुंचे हैं। और जनता तक अपना संदेश पहुंचाने में कामयाब भी हुए हैं। इतना ही नहीं राहुल गांधी की नजर में भी वो अच्छे हैं। ऐसे में दीपेंद्र हुड्डा भी ऐसा नाम है जो हरियाणा का अगला सीएम बनने का मादा रखता है।
वहीं कांग्रेस हाईकमान भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है। इसलिए कांग्रेस ने हरियाणा में दो नेताओं की ड्यूटी लगाई है। अगर हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनती हुई नजर आई तो उसमें किसी तरह कोई सेंधमारी ना हो पाए इसके लिए कांग्रेस ने केसी वेणुगोपाल और अजय माकन को पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने के लिए कहा है।